धर्मशाला।राजवीर दीक्षित
गुरुपर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को धर्मशाला स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और उल्लास के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। संगत ने माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर रागी जत्थों ने गुरबाणी के शबदों और भजन-कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियां दीं। शबद-कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु गुरु की वाणी का श्रवण करते और कीर्तन में शामिल होते नजर आए।
गुरुपर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष लंगर की व्यवस्था की गई थी। संगत ने पंगत में बैठकर गुरु का लंगर ग्रहण किया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और गुरु साहिब की शिक्षाओं पर चलने का संकल्प लिया।













