चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Important News for Aadhaar Card Bus Pass Travelers, Now on These Dates… “) पंजाब में सरकारी बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन द्वारा 25, 26 और 27 मई को घोषित की गई तीन दिवसीय हड़ताल और मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रस्तावित धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला ट्रांसपोर्ट मंत्री और वित्त मंत्री के साथ 2 जून को होने वाली पैनल मीटिंग तय होने के बाद लिया गया।
यूनियन नेताओं के अनुसार सरकार के साथ होने वाली इस अहम बैठक में कर्मचारियों की कई लंबे समय से लंबित मांगों पर चर्चा होगी। इनमें कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेकेदारी प्रथा खत्म करना, “बराबर काम-बराबर वेतन” नीति लागू करना और पहले से मानी गई मांगों को लागू करवाना शामिल है। इसके अलावा यूनियन ने किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही निजी बसों को बंद कर विभाग की अपनी सरकारी बसें चलाने की मांग भी दोहराई है।
संघर्ष के दौरान दर्ज किए गए कथित “नाजायज” मामलों को रद्द करने और पिछले छह महीनों से जेल में बंद कर्मचारियों की रिहाई का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया जाएगा। यूनियन का कहना है कि इन मामलों पर सरकार की ओर से कार्रवाई जारी है, लेकिन अंतिम फैसला 2 जून की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।
हालांकि यूनियन ने सरकार को साफ चेतावनी भी दी है। उनका कहना है कि अगर बैठक में मांगों का संतोषजनक समाधान नहीं निकला, विभागीय रिकॉर्ड सही तरीके से पेश नहीं किया गया या जेल में बंद साथियों को रिहा नहीं किया गया, तो बैठक खत्म होते ही पंजाबभर में दोबारा तेज आंदोलन, हड़ताल और धरने शुरू कर दिए जाएंगे। फिलहाल यात्रियों ने राहत की सांस ली है, लेकिन सबकी नजरें अब 2 जून की बैठक पर टिकी हुई हैं।



















