द टारगेट न्यूज़:
आम आदमी पार्टी (AAP) 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपनी औपचारिक चुनावी मुहिम की शुरुआत 26 नवंबर को मोगा से करने जा रही है। यह तारीख पार्टी के 14वें स्थापना दिवस और संविधान दिवस के साथ मेल खाती है। इस रैली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान एक मंच पर नजर आएंगे। केजरीवाल की मौजूदगी काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि पिछले कुछ महीनों से वे पंजाब की राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहे हैं। पार्टी ने अब तक 71 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है और रैली से पहले एक और सूची जारी होने की संभावना है। मोगा की इस रैली के जरिए AAP अपने पिछले 56 महीनों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी, जिसमें मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक, सरकारी स्कूलों का कायाकल्प और नहरों के जरिए सिंचाई व्यवस्था जैसी उपलब्धियों को प्रमुखता से रखा जाएगा। पार्टी की रणनीति में महिलाएं और युवा केंद्र में रहेंगे। मोगा को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां से पहले भी कई दल अपनी चुनावी जीत की पटकथा लिख चुके हैं।













