Home Punjab MLA के PA पर हत्या के प्रयास का केस! दुकानदार पर हमले...

MLA के PA पर हत्या के प्रयास का केस! दुकानदार पर हमले का आरोप

अमृतसर। राजवीर दीक्षित 
(Attempted murder case filed against MLA’s PA! Accused of attacking a shopkeeper) पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) की अमृतसर ईस्ट से विधायक जीवनजोत कौर के कथित निजी सहायक (PA) मनिंदर सिंह पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर रामबाग इलाके के बाजार में एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार पर हमला किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाजार में घेरकर मारपीट का आरोप

शिकायतकर्ता अश्वनी कुमार (43), गांव पखरपुरा निवासी इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार, के अनुसार घटना 17 अक्टूबर को रामबाग चर्च के सामने स्थित बाजार में हुई। वह सामान खरीदने गया था, तभी उसकी मुलाकात सुच्चा सिंह, उसके बेटे राणा, हरप्रीत सिंह, दामाद मनिंदर सिंह और एक अन्य रिश्तेदार से हुई।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद राणा ने कथित तौर पर साथियों को उसे पकड़ने के लिए कहा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, सुच्चा सिंह और राणा ने उसे बाजुओं से पकड़ लिया, जबकि मनिंदर सिंह और सुच्चा सिंह के एक अन्य बेटे ने उसके साथ मारपीट की।

पेट में किरच से दो वार करने का आरोप

अश्वनी कुमार ने आरोप लगाया कि उस पर तेजधार हथियार (किरच) से पेट में दो वार किए गए। गंभीर हालत में उसे गुरु नानक देव अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने के कारण एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

पैसों का विवाद बताई जा रही वजह

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हमले के पीछे पैसों का विवाद सामने आया है। मामले में BNS की धारा 109, 190, 191(3) और 61(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

नोट: मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट होगी।

Translate »
error: Content is protected !!