लुधियाना। राजवीर दीक्षित
(Chain snatching at gunpoint: Bike-borne miscreants target a pedestrian) लुधियाना के गिल इलाके के बसंत एवेन्यू में बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर एक्टिवा सवार राहगीर से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
स्पीड ब्रेकर पर धीमी हुई एक्टिवा, बदमाशों ने बोला धावा
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित एक्टिवा पर बसंत एवेन्यू की ओर जा रहा था। इसी दौरान दो बाइक सवार युवक उसका पीछा करने लगे। जैसे ही वह स्पीड ब्रेकर के पास पहुंचा और एक्टिवा की रफ्तार धीमी हुई, पीछे बैठे बदमाश ने उसकी सोने की चेन झपटने की कोशिश की।
पीड़ित ने विरोध किया और एक्टिवा रोककर पास मौजूद एक अन्य व्यक्ति से मदद मांगी। इसी दौरान एक आरोपी बाइक से नीचे उतरा और कुछ दूरी पर जाकर धारदार हथियार लेकर वापस आया।
हथियार दिखाकर छीनी सोने की चेन
आरोपी ने हथियार दिखाकर पीड़ित को डराया और उसके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने पीड़ित को धमकाया भी।
CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही उनके भागने के रास्ते और संभावित ठिकानों की भी जांच की जा रही है।



















