द टारगेट न्यूज़:
चंडीगढ़ राज्य चुनाव आयोग आगामी नगर निगम चुनावों के लिए कार्यक्रम की घोषणा शुक्रवार, 20 नवंबर को करने जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव यूटी गेस्ट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान करेंगे। इस घोषणा के साथ ही शहर में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी। गौरतलब है कि चंडीगढ़ नगर निगम के पिछले चुनाव 24 दिसंबर 2021 को 35 वार्डों के लिए आयोजित किए गए थे, जिनके परिणाम 27 दिसंबर को घोषित हुए थे। उन चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) ने पहली बार हिस्सा लेते हुए 14 सीटों पर जीत दर्ज की थी और सदन में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। चुनाव की तैयारियों के तहत राज्य चुनाव आयोग ने वार्ड आरक्षण के लिए लॉटरी प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली है। 2011 की जनगणना के अनुसार, अनुसूचित जाति (SC) की सर्वाधिक आबादी वाले वार्डों को आरक्षित किया गया है। इनमें वार्ड संख्या 1, 3, 4, 9, 15, 29 और 32 को अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखा गया है। इनमें से वार्ड 3, 29 और 32 को विशेष रूप से अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। इसके अतिरिक्त, कुल 12 वार्ड महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। इन 12 वार्डों में से वार्ड 2, 8, 11, 13, 17, 21, 25, 26 और 30 सामान्य श्रेणी की महिलाओं के लिए, जबकि वार्ड 3, 29 और 32 अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। चुनाव आयोग की ओर से जारी यह कार्यक्रम शहर की आगामी राजनीतिक दिशा और नगर निगम के गठन की प्रक्रिया को स्पष्ट करेगा।













