Home Chandigarh मावा-धीयां सरकार योजना को लेकर CM मान का बड़ा ऐलान

मावा-धीयां सरकार योजना को लेकर CM मान का बड़ा ऐलान

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Mawa Dhiyan Sarkar Yojana “) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘मावा-धीयां सरकार योजना’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन महिलाओं का नाम मतदाता सूची (Voter List) में दर्ज नहीं होगा, उन्हें इस योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत अपना फॉर्म समय रहते जरूर भरें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने ‘मावा-धीयां सरकार योजना’ के तहत महिलाओं के खातों में राशि भेजकर अपना वादा पूरा कर दिया है। अब अगला महत्वपूर्ण कदम यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र महिला का नाम नई मतदाता सूची में शामिल रहे। यदि कोई व्यक्ति SIR फॉर्म नहीं भरता और उसका नाम वोटर लिस्ट से हट जाता है, तो उसे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

भगवंत मान ने कहा कि वोटर लिस्ट में नाम होना केवल मतदान का अधिकार ही नहीं, बल्कि कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी आवश्यक है। इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही भविष्य में नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपना SIR फॉर्म भर दें।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि किसी महिला या नागरिक को फॉर्म भरने में किसी प्रकार की दिक्कत आती है, तो वे अपने क्षेत्र के स्थानीय वालंटियर या संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

सरकार की इस अपील के बाद अब पूरे पंजाब में SIR अभियान को लेकर जागरूकता बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यदि आप भी किसी सरकारी योजना का लाभ ले रहे हैं या भविष्य में लेना चाहते हैं, तो सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और आवश्यक SIR फॉर्म समय पर भर दिया गया हो।

Translate »
error: Content is protected !!