Home Chandigarh हिमाचल–पंजाब सीमा पर एंट्री टैक्स विवाद: बढ़ते तनाव पर विधानसभा में हंगामा,...

हिमाचल–पंजाब सीमा पर एंट्री टैक्स विवाद: बढ़ते तनाव पर विधानसभा में हंगामा, सरकार ने खोज लिया हल,दिया भरोसा

शिमला । राजवीर दीक्षित

(Entry Tax Dispute on Himachal–Punjab Border) हिमाचल प्रदेश और पंजाब के बीच वाहनों पर संशोधित एंट्री टैक्स को लेकर तनाव अब सियासी मुद्दा बन गया है। सोमवार को विधानसभा में इस मुद्दे पर जोरदार बहस हुई, जहां विपक्ष ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि 1 अप्रैल से लागू होने वाले बढ़े हुए टैक्स के खिलाफ पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह फैसला दोनों राज्यों के रिश्तों में खटास पैदा कर सकता है और पंजाब जाने वाले हिमाचल के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पष्ट किया कि कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया है, बल्कि पुराने एंट्री टैक्स में ही संशोधन किया गया है, जो पिछले करीब 30 सालों से लागू है। उन्होंने कहा कि FASTag सिस्टम से जोड़ने के चलते यह बदलाव किया गया है और जल्द ही दरों को तर्कसंगत बनाया जाएगा।

सरकार के मुताबिक छोटे वाहनों पर इसका असर बेहद कम होगा, जबकि भारी वाहनों के लिए टैक्स में 40 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। साथ ही सीमा के 5 किलोमीटर दायरे में रहने वाले लोगों को पास सिस्टम के जरिए राहत देने की घोषणा की गई है।

इस बीच बीजेपी विधायक रणधीर शर्मा ने चेतावनी दी कि ठेकेदारों ने नई दरों के हिसाब से तैयारियां पूरी कर ली हैं और 31 मार्च की आधी रात से वसूली शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में विरोध तेज हो रहा है और कुछ जगहों पर बॉर्डर जाम करने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार पर जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ गया है, ताकि सीमा पर हालात बिगड़ने से रोका जा सके।

Translate »
error: Content is protected !!