नई दिल्ली । राजवीर दीक्षित
(Explosion during EV charging, 7 members of the same family die in a tragic incident) मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में देर रात एक घर में उस समय भयानक आग लग गई, जब बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार (EV) चार्ज हो रही थी। शुरुआती जांच के अनुसार, चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके चलते कार में जोरदार धमाका हो गया और आग तेजी से फैल गई।
इस हादसे ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, क्योंकि घर के अंदर रखे 4 गैस सिलेंडर भी एक के बाद एक फट गए। धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि जिस घर में यह हादसा हुआ, वहां पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके कारण कई रिश्तेदार भी वहां मौजूद थे। खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घर में करीब 15 और गैस सिलेंडर भी मौजूद थे, जो अगर फट जाते तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के मुताबिक, आग सुबह 3:30 से 4:30 बजे के बीच लगी थी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।



















