Home Chandigarh पूर्व विधायक पर गोलियां चलाने वाला आरोपी पुलिस हिरासत से फरार, हिमाचल...

पूर्व विधायक पर गोलियां चलाने वाला आरोपी पुलिस हिरासत से फरार, हिमाचल प्रदेश के दो कर्मचारी निलंबित

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Accused Who Opened Fire on Former MLA Escapes from Police Custody; Two HP Personnel Suspended”) हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर गोलीबारी मामले में एक बड़ा खुलासा सामने आया है। इस सनसनीखेज मामले का आरोपी अजेय (अजे) पुलिस हिरासत से फरार हो गया है, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोपी को एक अन्य मामले की सुनवाई के लिए दिल्ली ले जाया गया था। सुनवाई पूरी होने के बाद पुलिस की टीम उसे वापस बिलासपुर जेल लेकर लौट रही थी, तभी दिल्ली-हरियाणा सीमा पर टिकरी के पास वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

घटना के बाद हिमाचल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की निगरानी में तैनात दो कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों कांस्टेबल आरोपी के काफी करीब हो गए थे और उसके घर तक आना-जाना करते थे, जिसे गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।

गौरतलब है कि पिछले साल होली के दिन बिलासपुर में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के सरकारी आवास पर चार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में बंबर ठाकुर के पैर में गोली लगी थी, जबकि उनके निजी सुरक्षा अधिकारी संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं के तहत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

अब आरोपी के फरार होने के बाद दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की पुलिस संयुक्त रूप से उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और हिरासत प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव बढ़ गया है।

Translate »
error: Content is protected !!