(Full procurement of paddy at Agampur Mandi! 2,975 quintals arrived) पंजाब सरकार किसानों की फसल का दाना-दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। धान खरीद सीजन के दौरान अगंमपुर अनाज मंडी में अब तक 2,975 क्विंटल धान की आवक हुई है और इतनी ही मात्रा में खरीद की जा चुकी है। यह जानकारी एसडीएम सुखपाल सिंह ने मंडी का दौरा कर खरीद प्रबंधों की समीक्षा के दौरान दी।
एसडीएम ने मंडी में धान की आवक, खरीद, उठान और किसानों को भुगतान की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों के साथ खड़ी है और फसल की समय पर खरीद व उठान सुनिश्चित करने के लिए प्रबंध किए गए हैं।
खरीद, उठान और भुगतान पर नजर
सुखपाल सिंह ने कहा कि किसानों को मंडियों में अपनी फसल बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुसार धान की खरीद की जा रही है और किसानों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।
मंत्री बैंस कर रहे मंडियों की निगरानी
एसडीएम के अनुसार, कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस भी अपने विधानसभा क्षेत्र की अनाज मंडियों में खरीद प्रबंधों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। फसल की आवक से लेकर खरीद, उठान और भुगतान तक की स्थिति की समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि मंडियों में किसानों की फसल समय पर खरीदी जाए और उसका उठान भी बिना अनावश्यक देरी के हो, ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।


















