बठिंडा। राजवीर दीक्षित
(Gunshots fired outside liquor shop, body found inside; liquor contractor’s employee murdered) बठिंडा के गांव बीबीवाला में सोमवार दोपहर शराब के ठेके पर काम करने वाले सोलन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को ठेके के अंदर सोलन सिंह का शव मिला। घटनास्थल से तीन खाली खोल बरामद किए गए हैं। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस लूट और आपसी रंजिश समेत अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
तीन गोलियों की आवाज से मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे ठेके के पास फायरिंग की आवाज सुनाई दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब तीन गोलियां चलीं, जिनमें से दो सोलन सिंह को लगने की बात सामने आई है।
यह शराब का ठेका गांव से बाहर खेतों के पास स्थित है, जहां दिन के समय भी आवाजाही कम रहती है। इसी वजह से वारदात के बाद आरोपी आसानी से फरार होने में कामयाब रहे।
बाहर खून, अंदर शव; घसीटकर ले जाने का शक
घटनास्थल पर ठेके के बाहर भी खून के निशान मिले हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इससे आशंका जताई जा रही है कि सोलन सिंह को पहले बाहर गोली मारी गई और फिर उसे ठेके के अंदर घसीटा गया।
हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गल्ले में नकदी नहीं, लूट का एंगल भी जांच में
वारदात के बाद पुलिस ने ठेके के गल्ले और आसपास की जगह की जांच की। सूत्रों के मुताबिक गल्ले में नकदी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं हत्या के पीछे लूट का मकसद तो नहीं था।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ठेके से कोई नकदी या अन्य सामान गायब हुआ है या नहीं।
CCTV में तलाशे जा रहे संदिग्ध
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल के करीब 500 मीटर के दायरे में CCTV कैमरे लगे हैं।
पुलिस फुटेज के जरिए वारदात के समय वहां से गुजरने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश
हत्या के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले खोल, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस वारदात की कड़ियां जोड़ रही है।
थाना कैंट के SHO गुरप्यार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच जारी है। हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।













