द टारगेट न्यूज़:
चंडीगढ़ टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से सेक्टर 50 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में यूटीटी 39वीं चंडीगढ़ स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के पहले दिन गुरुकुल ग्लोबल स्कूल, मणि माजरा की मिशिता और सेंट जॉन्स हाई स्कूल, सेक्टर 26 के हेताक्ष गोयल ने क्रमशः बालिका और बालक वर्ग के अंडर-11 सिंगल्स के खिताब अपने नाम किए। बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में मिशिता ने सॉपिंस स्कूल, सेक्टर 32 की शनाया को 7-11, 11-7, 11-6, 11-2 से हराया। पहला गेम हारने के बाद मिशिता ने शानदार वापसी करते हुए खिताब अपने नाम किया। इससे पहले सेमीफाइनल में शनाया ने इरीन को 11-8, 13-11, 11-9 से और मिशिता ने खुशननीत कौर को 11-7, 11-4, 11-4 से हराया था। शुरुआती चरणों में मिशिता ने अक्षिता को 11-1, 11-1, 11-0 से मात दी थी, जबकि शनाया ने शांभवी पर कड़े मुकाबले में जीत हासिल की थी। बालक वर्ग के अंडर-11 फाइनल में हेताक्ष ने माउंट कार्मेल स्कूल, सेक्टर 47 के अद्वैत को 11-4, 11-2, 9-11, 11-7 से पराजित किया। हेताक्ष ने सेमीफाइनल में निवान सैनी को 11-8, 11-6, 11-6 से मात दी थी, जबकि ठाकुर ने हरगुन को 11-7, 11-3, 5-11, 11-8 से हराया था। इसके अलावा, बालिका अंडर-19 टीम वर्ग के फाइनल में सेंट जोसेफ स्कूल, सेक्टर 44 ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर 40 को 3-2 से हराकर खिताब जीता। सेंट जोसेफ की ओर से वाणी शर्मा ने भवानी को 11-5, 9-11, 11-7, 11-8 से हराकर शुरुआत दिलाई। हालांकि, डीपीएस की शेरेल और सांसी मिड्ढा ने जीत दर्ज कर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन अंततः सेंट जोसेफ ने वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। बालक टीम वर्ग के फाइनल मुकाबले में डीएवी स्कूल ने सेंट जोसेफ स्कूल को 3-0 से करारी शिकस्त दी। डीएवी के लिए विशाल, अंकुश कुमार और सक्षम ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर टीम को विजेता बनाया।













