Home Chandigarh पंजाब में लड़कियों के लापता होने का मामला जारी,अब इस शहर की...

पंजाब में लड़कियों के लापता होने का मामला जारी,अब इस शहर की नाबालिग हुई ‘गायब’

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Punjab Missing Girls Mystery”) पंजाब में लगातार नाबालिग लड़कियों के लापता होने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लुधियाना में कई लड़कियों के रहस्यमय ढंग से गायब होने के मामलों के बीच अब अमृतसर से भी दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने की खबर सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और बेचैनी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित बाबा दीप सिंह कॉलोनी की रहने वाली दो नाबालिग लड़कियां अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिजनों ने बताया कि दोनों लड़कियां कंप्यूटर कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करती थीं और अपने फाइनल पेपर के लिए दोपहर करीब 3 बजे घर से निकली थीं। परिवार के मुताबिक छोटी बहन अपनी बड़ी बहन को कोचिंग सेंटर छोड़ने गई थी, लेकिन कुछ समय बाद कोचिंग सेंटर से फोन आया कि बड़ी लड़की परीक्षा देने के लिए वहां पहुंची ही नहीं।

यह सूचना मिलते ही परिवार के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत दोनों लड़कियों की तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है।

थाना सदर के प्रभारी इंस्पेक्टर किरणदीप सिंह ने बताया कि परिवार की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर संभावित पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद करने की कोशिश की जा रही है।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने पंजाब में बच्चों और खासकर किशोरियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Translate »
error: Content is protected !!