Home Chandigarh मटौर बॉर्डर पर निहंग ने की होमगार्ड जवान के साथ मारपीट

मटौर बॉर्डर पर निहंग ने की होमगार्ड जवान के साथ मारपीट

पंचकूला। राजवीर दीक्षित

(Nihangs assaulted a Home Guard jawan at the Mataur border) चंडीगढ़-मोहाली के मटौर बॉर्डर पर ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड जवान के साथ एक निहंग द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में निहंग जवान की वर्दी पर लगी लैनयार्ड यानी डोरी पकड़कर उसे खींचता और लगातार थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। इस दौरान जवान उसके सामने हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाता नजर आया।

निहंग ने जवान पर शराब के नशे में होने और श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने जैसे आरोप लगाए। साथ ही उसके साथ गाली-गलौज भी की गई। हालांकि, पुलिस की जांच में फिलहाल होमगार्ड जवान के शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है।

बहन से मिलकर चंडीगढ़ लौट रहा था जवान

होमगार्ड जवान की पहचान रविंदर के रूप में हुई है। वह चंडीगढ़ में तैनात है। जानकारी के मुताबिक, रविंदर मोहाली में रहने वाली अपनी बहन से मिलकर मोटरसाइकिल से चंडीगढ़ वापस लौट रहा था।

मटौर बॉर्डर पर कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। जैसे ही जवान बॉर्डर पार कर चंडीगढ़ की तरफ पहुंचा, निहंग ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर डाला

घटना का वीडियो खुद निहंग की ओर से बनवाए जाने की बात सामने आई है। बाद में इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। वीडियो में निहंग जवान को डांटते और गाली देते हुए नजर आ रहा है, जबकि जवान लगातार हाथ जोड़कर खुद को बचाने की कोशिश करता दिखाई देता है।

बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाला निहंग कौमी इंसाफ मोर्चा से जुड़ा हुआ है। हालांकि, पुलिस अभी उसकी पहचान और भूमिका की पुष्टि करने में जुटी है।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

DSP धीरज कुमार ने बताया कि होमगार्ड जवान के साथ मारपीट का मामला पुलिस के संज्ञान में है। वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले निहंग की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल वायरल वीडियो ने मटौर बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात जवान के साथ हुए व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Translate »
error: Content is protected !!