Home Punjab मिठाई के नाम पर खिलवाड़! 1.25 क्विंटल खराब मिठाई नष्ट

मिठाई के नाम पर खिलवाड़! 1.25 क्विंटल खराब मिठाई नष्ट

जालंधर। राजवीर दीक्षित

(Playing with public health in the name of sweets! 1.25 quintals of spoiled sweets destroyed) त्योहारों के सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शाहकोट में कार्रवाई करते हुए टीम ने एक दुकान से करीब 1.25 क्विंटल खराब मिठाई जब्त कर नष्ट करवाई। आरोप है कि पुरानी मिठाई में दोबारा दूध और चीनी मिलाकर उसे नए सिरे से तैयार कर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। टीम ने दुकानदार का चालान भी किया।

रंगदार मिठाइयों पर भी कार्रवाई

सहायक कमिश्नर (फूड) राजेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नकोदर और शाहकोट के विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों की औचक जांच की। इस दौरान करीब 25 किलोग्राम रंगदार और संदिग्ध मिठाइयां भी नष्ट करवाई गईं।

कार्रवाई में फूड सेफ्टी ऑफिसर प्रभजोत कौर और रविनंदन गोयल भी शामिल रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी।

मिल्क केक, बर्फी और सोहन पापड़ी के सैंपल

शाहकोट की एम्प्लॉइज कॉलोनी स्थित दुकान की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में पुरानी मिठाई मिली। अधिकारियों के अनुसार, इसे दूध और चीनी मिलाकर दोबारा तैयार करने की कोशिश की जा रही थी। संभावित स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए मिठाई मौके पर ही नष्ट करवा दी गई।

टीम ने मिल्क केक, बर्फी और सोहन पापड़ी सहित विभिन्न मिठाइयों के 10 सैंपल लेकर जांच के लिए स्टेट फूड एनालिस्ट लैब, खरड़ भेजे हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मिलावटखोरों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और खराब, एक्सपायर या अत्यधिक कृत्रिम रंगों वाली मिठाइयां नहीं बेचने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट या सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!