चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Farmers’ Bike Rally to Chandigarh, Police on High Alert “) पंजाब में एक बार फिर किसानों का आंदोलन तेज़ होता नजर आ रहा है। सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के नेतृत्व में पंजाब के विभिन्न जिलों से किसान मोटरसाइकिल रैली के रूप में चंडीगढ़ पहुंचे। यह रैली मोहाली के फेज-8 स्थित नेचर पार्क से शुरू होकर सेक्टर-34 प्रदर्शनी मैदान तक निकाली गई। किसानों का कहना है कि वे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, भूमि नीति, पंजाब के पानी समेत कई अहम मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं।
रैली के दौरान किसान मुख्यमंत्री और राज्यपाल के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपने वाले हैं। बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी को देखते हुए चंडीगढ़ और मोहाली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर रही। सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए और शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक ट्रैफिक डायवर्ट किया गया, जिससे आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ा।
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ के कई स्कूलों ने भी एहतियातन अवकाश घोषित किया। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को पहले ही सूचना जारी कर दी गई थी। भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल ने बताया कि इस राज्यव्यापी बाइक रैली में पंजाब के सभी जिलों से किसान शामिल हुए हैं। हालांकि, रैली में शामिल किसानों की कुल संख्या को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई।
गौरतलब है कि 11 जुलाई को भी किसानों ने सेक्टर-34 में प्रदर्शन किया था, जिसके चलते शहर में यातायात प्रभावित हुआ था। इसी अनुभव को देखते हुए इस बार पुलिस और प्रशासन ने पहले से व्यापक तैयारियां कीं ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों को कम से कम असुविधा हो। किसानों का यह प्रदर्शन पंजाब की राजनीति और कृषि से जुड़े मुद्दों पर एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है।



















