चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Sarpanch Murder: Village Head Brutally Hacked and Run Over by Car, One Arrested “) पंजाब के एक गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां गांव के सरपंच की धारदार हथियारों से हमला कर और फिर कार से कई बार कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज घटना मंगलवार रात आनंदगढ़ गांव में हुई, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आनंदगढ़ गांव के सरपंच सतपाल उर्फ मिंटू के घर गांव का ही एक युवक रोहित जान बचाने की गुहार लगाते हुए पहुंचा। उसने बताया कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं और उसकी जान को खतरा है। इंसानियत दिखाते हुए सरपंच ने उसे अपने घर में शरण दे दी।
कुछ ही देर बाद एक कार में सवार 5 से 6 हमलावर सरपंच के घर पहुंचे। इनमें से तीन आरोपी धारदार हथियारों से लैस थे। उन्होंने सरपंच पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसी दौरान कार चालक ने सरपंच को टक्कर मारकर जमीन पर गिरा दिया और फिर कथित तौर पर कार से उन्हें दो से तीन बार कुचल दिया। स्थानीय लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए और अपने कुछ हथियार वहीं छोड़ गए।
घायल सरपंच को उनका बेटा राहुल अस्पताल ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में एक अन्य स्थान पर हमलावरों ने उनकी कार को फिर रोकने की कोशिश की और वाहन पर धारदार हथियारों से हमला किया। राहुल किसी तरह पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस की मदद से अपने पिता को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस निर्मम हत्या से पूरे क्षेत्र में गुस्सा और शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।



















