चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Bambiha Gang Shooter Encounter “) पंजाब के जालंधर में पुलिस ने बंबीहा गैंग से जुड़े एक कथित शूटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान जोध सिंह उर्फ जोधा के रूप में हुई है, जो शाहकोट के एरिया का रहने वाला बताया जा रहा है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ को आरोपी की गतिविधियों की पहले से सूचना मिली थी। नाकेबंदी के दौरान जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक भगाने की कोशिश की। बाइक फिसलने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल हो गया।
पुलिस का दावा है कि यही आरोपी करीब दो से तीन महीने पहले जालंधर के वरदान अस्पताल के बाहर हुई फायरिंग में शामिल था। सीसीटीवी फुटेज, बरामद हथियार और हेलमेट के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि हुई है। उस घटना में आरोपी ने महज 3 सेकंड में 4 गोलियां चलाई थीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोहाली और मोगा पुलिस का भी मोस्ट वांटेड था और विदेश में बैठे गैंगस्टर लक्की पटियाल के इशारों पर वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में विदेश में बैठे कुछ लोगों और मनी ट्रेल से जुड़े अहम सुराग भी दिए हैं। साथ ही, कनाडा में बैठे एक व्यक्ति की भूमिका और फिरौती से जुड़े एंगल की भी जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी का इलाज पूरा होने के बाद उससे गहन पूछताछ करेगी। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। पंजाब पुलिस अब इस गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।



















