Home Chandigarh चंडीगढ़ में ब्लास्ट करने आए तीन नौजवान काबू, उम्र जानकार रह जाएंगे...

चंडीगढ़ में ब्लास्ट करने आए तीन नौजवान काबू, उम्र जानकार रह जाएंगे हैरान

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(Three youths apprehended for planning a blast in Chandigarh; their ages will leave you stunned) चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे IED और विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो तरनतारन और एक अमृतसर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, इनमें दो आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह (18), जश्नदीप (21) और प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में तीनों के कथित तौर पर आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े होने और पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी आतंकी सतनाम सत्ता उर्फ नौ शेरा के संपर्क में होने की बात सामने आई है।

मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था लवप्रीत

तरनतारन निवासी लवप्रीत आठवीं कक्षा तक पढ़ा है और पेंट का काम करता था। उसके खिलाफ सरहाली थाने में पहले से एक मामला दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

परिजनों के मुताबिक, लवप्रीत घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी बुआ के बेटे जश्नदीप के साथ माता के मंदिर जा रहा है। उसकी मां ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लवप्रीत फोन नहीं उठा रहा था, जिससे परिवार परेशान था।

परिवार का यह भी कहना है कि लवप्रीत अपने पिता की नशे की आदत को लेकर तनाव में रहता था। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आ रही अन्य कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।

आतंकी नेटवर्क से कनेक्शन की जांच

पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के कथित आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उन्हें IED और विस्फोटक सामग्री किसने उपलब्ध कराई और पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलर से उन्हें क्या निर्देश मिले थे।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों को चंडीगढ़ में किस स्थान पर वारदात को अंजाम देने के लिए भेजा गया था।

IED के साथ जिलेटिन, डेटोनेटर और पिस्टल बरामद

पुलिस ने शनिवार रात सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे से IED बरामद किया था। मौके से करीब 5 किलो जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर, पावर सोर्स, तार, रिमोट से संचालित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एक पिस्टल और 5 कारतूस भी बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, बरामद IED सक्रिय नहीं था। अब इसकी जांच के साथ विस्फोटक सामग्री के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है।

आरोपियों से पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े राज

तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूछताछ के लिए उनका रिमांड मांग सकती है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान IED की सप्लाई, कथित आतंकी हैंडलर और चंडीगढ़ में संभावित टारगेट को लेकर अहम जानकारी सामने आ सकती है।

Translate »
error: Content is protected !!