Home Chandigarh परवाणू टोल प्लाजा पर हिट एंड रन! तेज रफ्तार कार ने टोल...

परवाणू टोल प्लाजा पर हिट एंड रन! तेज रफ्तार कार ने टोल कर्मी को मारी टक्कर, आरोपी गिरफ्तार

द टारगेट वेब डेस्क

(“Parwanoo Toll Plaza Hit-and-Run: Speeding Car Rams Toll Worker, Accused Arrested “) हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू स्थित ओल्ड बैरियर टोल प्लाजा पर मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली हिट एंड रन की घटना सामने आई। ड्यूटी पर तैनात टोल कर्मचारी को एक तेज रफ्तार कार चालक ने टोल शुल्क देने के बजाय टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, टोल कर्मचारी गुरविंदर सिंह उर्फ गोल्डी, निवासी बठिंडा (पंजाब), अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। उन्होंने नियम के अनुसार कार चालक को टोल शुल्क के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय कार को उनकी ओर मोड़ दिया और टक्कर मारते हुए फरार हो गया। हादसे में गुरविंदर सिंह के हाथ और पेट में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और फास्टैग रिकॉर्ड की मदद से वाहन की पहचान की। पुलिस ने एचआर-49-8316 नंबर की कार को जब्त कर लिया और आरोपी की पहचान हरियाणा के कालका के पास स्थित मल्ला गांव निवासी युवक के रूप में की। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

इस घटना ने टोल प्लाजा कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन टोल कर्मियों के साथ मारपीट और वाहन चढ़ाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने जानबूझकर टक्कर मारी थी या यह लापरवाही का मामला था। फिलहाल घायल कर्मचारी का उपचार जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Translate »
error: Content is protected !!