चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित
घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गया और मलबा हटाने के साथ-साथ फंसे लोगों की तलाश शुरू कर दी गई। अधिकारियों के अनुसार, मलबे में कुल आठ लोगों के दबे होने की आशंका थी, जिनमें से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
बचाए गए लोगों की पहचान कुलदीप, कुलबीर, उमेश, राहुल और अजीतेश के रूप में हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे तेज धमाके जैसी आवाज के साथ इमारत अचानक ढह गई। यह इमारत एक होटल के साथ स्थित थी, जहां विभिन्न कार्यालय संचालित होते थे और रोजाना कई कर्मचारी काम करते थे। हालांकि, हादसे के समय इमारत के भीतर कुल कितने लोग मौजूद थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
मलबा हटाने के लिए राहत अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी है। बचाव कार्य में पांच क्रेन, दो जेसीबी मशीनें और एक बुलडोजर लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक, इस भवन में एक कबाड़ कारोबारी का कार्यालय भी संचालित होता था।
एनडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।



















