चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Pilgrims Returning from Vaishno Devi Meet With Fatal Accident”) पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मां वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर एक टिपर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बटाला के पास उधोवाल अड्डे के निकट सुबह करीब 6 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि आगे चल रहा एक टिपर अचानक मुख्य सड़क छोड़कर नीचे स्लिप रोड की ओर मुड़ गया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर सीधे टिपर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी यात्री पंजाब के मानसा क्षेत्र के रहने वाले थे। वे माता वैष्णो देवी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों, पंजाब पुलिस और एसएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पहले बटाला के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर घायलों को अमृतसर रेफर कर दिया गया।
मृतकों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं। वहीं, कई यात्रियों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण टिपर चालक की लापरवाही बताया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



















