Home Health पंजाब में किस जिले के लोग क्या खाते-पीते हैं? NFHS-6 रिपोर्ट ने...

पंजाब में किस जिले के लोग क्या खाते-पीते हैं? NFHS-6 रिपोर्ट ने खोली पोल

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(What do people in different districts of Punjab eat and drink? NFHS-6 report reveals the facts) पंजाब में नशे के साथ अब बढ़ता मोटापा और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां भी बड़ी चिंता बनती जा रही हैं। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-6) 2023-24 के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में 15 से 49 वर्ष की 44.7 प्रतिशत महिलाएं ओवरवेट या मोटापे की श्रेणी में हैं। NFHS-5 में यह आंकड़ा 40.8 प्रतिशत था। पुरुषों में भी स्थिति बदली है और 37.5 प्रतिशत पुरुष ओवरवेट पाए गए हैं, जबकि पिछली रिपोर्ट में यह आंकड़ा 32.3 प्रतिशत था।

पटियाला की महिलाएं सबसे ज्यादा ओवरवेट

जिला स्तर पर महिलाओं में ओवरवेट या मोटापे का सबसे अधिक आंकड़ा पटियाला में 50.2 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इसके बाद होशियारपुर में 50 प्रतिशत, फतेहगढ़ साहिब में 49.5 प्रतिशत, नवांशहर में 47.8 प्रतिशत, लुधियाना में 47.7 प्रतिशत और रूपनगर में 47 प्रतिशत महिलाएं इस श्रेणी में हैं।

दूसरी ओर, बठिंडा में यह आंकड़ा 39 प्रतिशत, फाजिल्का में 35.8 प्रतिशत और मानसा में 35.1 प्रतिशत रहा।

तंबाकू सेवन में पुरुष काफी आगे

रिपोर्ट के अनुसार पंजाब में 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 13.9 प्रतिशत पुरुष तंबाकू का सेवन करते हैं, जबकि महिलाओं में यह आंकड़ा 0.5 प्रतिशत है।

जिलों की बात करें तो पुरुषों में तंबाकू सेवन का सबसे अधिक आंकड़ा पठानकोट में 20 प्रतिशत है। इसके बाद मोहाली में 18.4 प्रतिशत, फाजिल्का में 18 प्रतिशत और होशियारपुर में 17 प्रतिशत पुरुष तंबाकू का सेवन करते हैं।

महिलाओं में तंबाकू सेवन के मामले में मोगा 1 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है। फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब और रूपनगर में यह आंकड़ा 0.9 प्रतिशत दर्ज किया गया।

फरीदकोट में पुरुषों का शराब सेवन सबसे ज्यादा

NFHS-6 के अनुसार पंजाब में 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 22.9 प्रतिशत पुरुष शराब का सेवन करते हैं। NFHS-5 में यह आंकड़ा 22.8 प्रतिशत था। महिलाओं में शराब सेवन 0.3 प्रतिशत रहा।

जिला स्तर पर पुरुषों में शराब सेवन का सबसे अधिक आंकड़ा फरीदकोट में 28.1 प्रतिशत दर्ज हुआ। इसके बाद पठानकोट में 26.9 प्रतिशत, फतेहगढ़ साहिब में 26.3 प्रतिशत, कपूरथला और रूपनगर में 25.5 प्रतिशत तथा मानसा में 24.8 प्रतिशत पुरुष शराब का सेवन करते हैं।

महिलाओं में रूपनगर 0.9 प्रतिशत के साथ सबसे ऊपर है। मुक्तसर में 0.6 प्रतिशत तथा अमृतसर और फिरोजपुर में 0.4 प्रतिशत महिलाओं ने शराब सेवन की जानकारी दी।

शुगर और हाई BP भी बड़ी चिंता

रिपोर्ट में पंजाब में ब्लड शुगर और हाई ब्लड प्रेशर की स्थिति भी सामने आई है। राज्य में 15 वर्ष से अधिक उम्र की 21.3 प्रतिशत महिलाएं और 22.3 प्रतिशत पुरुष ऐसे पाए गए, जिनका ब्लड शुगर 140 mg/dl से अधिक था या वे शुगर की दवा ले रहे थे।

जिला स्तर पर महिलाओं में अमृतसर 27.5 प्रतिशत के साथ आगे रहा, जबकि पुरुषों में भी अमृतसर का आंकड़ा 27.8 प्रतिशत रहा।

हाई ब्लड प्रेशर के मामले में पंजाब में 24.5 प्रतिशत महिलाएं और 26.3 प्रतिशत पुरुष प्रभावित पाए गए। पटियाला में महिलाओं का आंकड़ा 32.8 प्रतिशत और पुरुषों का 36.4 प्रतिशत रहा। संगरूर में यह क्रमश: 31.5 और 34.6 प्रतिशत तथा फतेहगढ़ साहिब में 28.7 और 33.3 प्रतिशत दर्ज हुआ।

22 जिलों में हुआ सर्वे

NFHS-6 के तहत पंजाब के 22 जिलों के 19,616 घरों का सर्वे किया गया। इसमें 20,135 महिलाओं और 3,160 पुरुषों से जुड़े आंकड़े शामिल किए गए।

रिपोर्ट में ‘नशे’ के तहत मुख्य रूप से तंबाकू और शराब सेवन के आंकड़े शामिल हैं। चिट्टा, हेरोइन या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन और लत का अलग से जिला स्तर का आंकड़ा इस रिपोर्ट में उपलब्ध नहीं है।

Translate »
error: Content is protected !!