कीव। टारगेट न्यूज नेटवर्क
रूस के साथ जारी युद्ध के बीच यूक्रेन सरकार अतिरिक्त राजस्व जुटाने के लिए एडल्ट कंटेंट कारोबार को कानूनी दायरे में लाने और उस पर टैक्स लगाने की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो सरकार को हर साल करीब 2.5 करोड़ डॉलर यानी लगभग 236 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होने का अनुमान है।
‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, एक यूक्रेनी सांसद का कहना है कि इस रकम से करीब 30 हजार ड्रोन खरीदे जा सकते हैं। हालांकि, युद्ध पर होने वाले कुल खर्च की तुलना में यह रकम काफी छोटी है, लेकिन सरकार के लिए अतिरिक्त राजस्व का एक स्रोत जरूर बन सकती है।
संसद में बिल को पहली मंजूरी
यूक्रेन में एडल्ट कंटेंट को लेकर मौजूदा कानून काफी सख्त है। पोर्नोग्राफी बनाने और बांटने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। इसी वजह से इस क्षेत्र में काम करने वाले क्रिएटर्स के सामने कमाई को आधिकारिक रूप से घोषित करने की समस्या रहती है।
यूक्रेन की संसद ने जुलाई में इस संबंधी बिल को पहली रीडिंग में मंजूरी दी थी। इसके पक्ष में 231 सांसदों ने वोट किया, जबकि 8 ने विरोध किया और 3 सांसद मतदान से दूर रहे। अब बिल को दूसरी रीडिंग के लिए पेश किया जाना है।
कानूनी दर्जा मिलने से टैक्स और भ्रष्टाचार पर लगाम का दावा
बिल के समर्थकों का तर्क है कि एडल्ट कंटेंट कारोबार को स्पष्ट कानूनी ढांचे में लाने से सरकार को टैक्स मिलेगा और भ्रष्टाचार पर भी लगाम लग सकती है।
फिलहाल कानूनी कार्रवाई के डर से कारोबार का बड़ा हिस्सा छिपकर संचालित होने का दावा किया जाता है। समर्थकों का कहना है कि पुलिस को वयस्कों के बीच बनाए गए कंटेंट के मामलों में उलझने के बजाय बाल यौन शोषण और अन्य गंभीर अपराधों पर ज्यादा ध्यान देने का मौका मिलेगा।
OnlyFans से 2023 में 1237 करोड़ की कमाई
रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में करीब 8 हजार यूक्रेनियन क्रिएटर्स ने OnlyFans से 13.1 करोड़ डॉलर यानी लगभग 1,237 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे। यह आंकड़ा केवल OnlyFans से हुई कमाई का है, जबकि पूरे एडल्ट-कंटेंट कारोबार का आकार इससे कहीं बड़ा हो सकता है।
मौजूदा कानून के चलते क्रिएटर्स के लिए इस आय को आधिकारिक रूप से घोषित करना मुश्किल है। कमाई की जानकारी सरकार को देने पर उनकी पहचान सामने आने और कानूनी जांच का डर बना रहता है।
टैक्स देने वालों को भी जांच का सामना
रिपोर्ट में ऐसे मामलों का भी जिक्र है, जहां कुछ कंटेंट क्रिएटर्स ने अपनी कमाई घोषित कर टैक्स चुकाने की कोशिश की। लेकिन इसके बाद उन्हें टैक्स संबंधी जांच के साथ-साथ पोर्नोग्राफी कानून के तहत कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
बिल के समर्थकों का कहना है कि जब यह कारोबार पहले से मौजूद है तो उसे स्पष्ट नियमों के तहत लाकर टैक्स वसूली की जानी चाहिए।
एक क्रिएटर ने 9 लाख डॉलर टैक्स देने का दावा किया
एडल्ट कंटेंट क्रिएटर स्वितलाना द्वोर्निकोवा का दावा है कि वह अब तक करीब 9 लाख डॉलर यानी लगभग 8.5 करोड़ रुपये टैक्स के रूप में चुका चुकी हैं।
उन्होंने इस कारोबार को कानूनी मान्यता देने की मांग उठाई थी। उनके मुताबिक, अगर सरकार इस क्षेत्र को रेगुलेट कर टैक्स वसूलती है तो युद्ध के लिए अतिरिक्त फंड जुटाया जा सकता है।
उन्होंने इस मुद्दे को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की वेबसाइट पर याचिका भी दायर की थी, जिसे 25 हजार से ज्यादा लोगों का समर्थन मिला।
बच्चों से जुड़े मामलों में सख्ती जारी रहेगी
प्रस्ताव में वयस्कों के बीच बनाए गए एडल्ट कंटेंट को अपराध की श्रेणी से बाहर रखने की बात है। हालांकि, बच्चों से जुड़ी पोर्नोग्राफी और यौन शोषण से संबंधित मामलों को अपराध बनाए रखने और सजा को और सख्त करने की बात कही गई है।
सांसद यारोस्लाव झेलेजनियाक का तर्क है कि पुलिस के संसाधनों का इस्तेमाल गंभीर अपराधों और बच्चों के यौन शोषण के मामलों की जांच में होना चाहिए।
युद्ध पर GDP का करीब 43% खर्च
रूस-यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 से जारी है और यूक्रेन के बजट पर इसका भारी दबाव है। विश्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में यूक्रेन ने सुरक्षा और रक्षा पर करीब 3.83 ट्रिलियन ह्रीव्निया खर्च किए, जो उसकी GDP का लगभग 42.9% था।
ऐसे में एडल्ट कंटेंट कारोबार से संभावित 236 करोड़ रुपये का टैक्स युद्ध के कुल खर्च के मुकाबले बहुत कम है। फिर भी सरकार के लिए यह पहले से मौजूद आर्थिक गतिविधि से अतिरिक्त राजस्व जुटाने का एक नया जरिया साबित हो सकता है।



















