शिमला । राजवीर दीक्षित
(CM’s major decision: Cancer hospitals in Himachal to be strengthened with ₹800 crore)मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेषज्ञ चिकित्साधिकारियों को नॉन प्रैक्टिसिंग अलाउंस (एनपीए) प्रदान करने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने और जनता को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके तहत मेडिकल कॉलेजों को सुदृढ़ करने के साथ विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने कैंसर उपचार व्यवस्था को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में कैंसर उपचार संस्थानों को मजबूत करने के लिए 800 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विशेषज्ञों की राय से तैयार होगी कैंसर केयर की नई रणनीति
सरकार ने कैंसर देखभाल संस्थानों को और अधिक आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति संस्थानों की मौजूदा व्यवस्था, जरूरतों और भविष्य की आवश्यकताओं का आकलन करेगी। वहीं, मरीजों को बेहतर जांच और उपचार उपलब्ध करवाने के लिए एआईआईएमएस दिल्ली के स्तर की आधुनिक मशीनरी और अत्याधुनिक उपकरण खरीदने की प्रक्रिया भी जारी है।
विदेशी संस्थानों में मेडिकल छात्रों को मिलेगा एक्सपोजर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल विद्यार्थियों और फैकल्टी को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय चिकित्सा पद्धतियों से रूबरू करवाने के लिए विदेशों के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थानों में एक्सपोजर विजिट करवाने की योजना तैयार की जा रही है। इससे विद्यार्थियों को नई तकनीकों, उपचार विधियों और मेडिकल रिसर्च की बेहतर समझ मिलेगी। सरकार का फोकस जीन थेरेपी और मॉलिक्यूलर थेरेपी जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों को प्रदेश में बढ़ावा देने पर भी है।
अधिकारियों और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के बीच हुआ संवाद
बैठक में सरकार के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और मेडिकल कॉलेज प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण संवाद हुआ। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय अवस्थी, एचपी भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर और स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार सहित अन्य अधिकारी बैठक में मौजूद रहे। प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्यों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। बैठक में स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।



















