ऊना।राजवीर दीक्षित
पुलिस भर्ती में खाकी पहनने का सपना लेकर मैदान में उतरे सैकड़ों युवाओं को पहले ही दिन बड़ा झटका लगा। पुलिस लाइन झलेड़ा में शुक्रवार से शुरू हुई शारीरिक दक्षता परीक्षा में 901 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, लेकिन इनमें से महज 134 ही निर्धारित मानकों पर खरे उतर सके। 767 युवाओं को पहले चरण में ही बाहर होना पड़ा।
भर्ती के पहले दिन सबसे बड़ी चुनौती हाई जंप और 100 मीटर दौड़ बनी। इन दोनों स्पर्धाओं में निर्धारित प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का अगले चरण तक पहुंचने का सपना टूट गया।
पहले दिन शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए करीब 1500 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन परीक्षा देने केवल 901 युवा पहुंचे। अभ्यर्थियों के लिए हाई जंप में 4.35 फीट की ऊंचाई पार करना अनिवार्य था, जबकि 100 मीटर की दौड़ 14 सेकंड में पूरी करनी थी।
निर्धारित ऊंचाई तक छलांग नहीं लगा पाने और तय समय में दौड़ पूरी करने में नाकाम रहे युवाओं को बाहर कर दिया गया। पहले दिन के नतीजों ने दिखा दिया कि पुलिस भर्ती में लिखित परीक्षा तक पहुंचने से पहले शारीरिक दक्षता की चुनौती पार करना भी आसान नहीं है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए सुबह से ही पुलिस लाइन झलेड़ा में अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया था। सभी उम्मीदवारों को सुबह 6 बजे तक परीक्षा स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बाद सुबह 7 बजे शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हुई, जो देर शाम तक सुचारू रूप से जारी रही।













