शिमला।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश सरकार राजीव गांधी राजकीय डेंटल कॉलेज, शिमला को नए परिसर में शिफ्ट करने की संभावनाएं तलाश रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को दंत चिकित्सकों के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी। प्रस्ताव के तहत कॉलेज को चमियाणा में शिफ्ट किया जा सकता है, जहां इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी विभाग पहले ही स्थानांतरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में दंत चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए 18 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि डेंटल कॉलेजों में आधुनिक उपकरण और पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।
सुक्खू ने बताया कि हमीरपुर में करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डेंटल कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही डेंटल कॉलेजों में शैक्षणिक और चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के लिए सीनियर रेजिडेंसी पॉलिसी भी लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लेक्चरर को असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर पदोन्नत किया जाएगा। शिमला डेंटल कॉलेज में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट की तैनाती भी की जाएगी। इसके अलावा आपातकालीन उपचार को बेहतर बनाने के लिए ट्रॉमा सेंटरों में डेंटल चेयर स्थापित की जाएंगी।
सुक्खू ने आश्वासन दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में दंत चिकित्सकों की सहायता के लिए मल्टीटास्क वर्करों की तैनाती की जाएगी। सरकार दंत चिकित्सकों को नॉन-प्रैक्टिसिंग अलाउंस (NPA) देने पर भी विचार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। बैठक के दौरान दंत चिकित्सकों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर भी उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं।













