Home Breaking News कम उम्र में बढ़ रही शुगर की बीमारी, हिमाचल में सिर्फ 14.5%...

कम उम्र में बढ़ रही शुगर की बीमारी, हिमाचल में सिर्फ 14.5% मरीजों को राहत

शिमला।राजवीर दीक्षित

हिमाचल प्रदेश में डायबिटीज अब कम उम्र के लोगों को भी तेजी से अपनी चपेट में ले रही है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC), शिमला की राज्यव्यापी स्टडी में सामने आया है कि डायबिटीज से पीड़ित 22.33 प्रतिशत मरीजों की उम्र 50 साल से कम है। चिंता की बात यह है कि बीमारी से जूझ रहे अधिकांश मरीजों में शुगर का स्तर निर्धारित सीमा में नहीं है।

IGMC के मेडिसिन विभाग के डॉ. जितेंद्र मोक्टा की ओर से 1,482 डायबिटीज मरीजों पर किए गए अध्ययन के अनुसार, केवल 14.5 प्रतिशत मरीजों का HbA1c स्तर 7 प्रतिशत से कम पाया गया। यह अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन की ओर से सुझाया गया लक्ष्य है। वहीं, करीब 37 प्रतिशत मरीजों का HbA1c स्तर 9 प्रतिशत से अधिक मिला, जो गंभीर रूप से अनियंत्रित डायबिटीज की स्थिति दर्शाता है।

अध्ययन में ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को लेकर भी चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। करीब 42 प्रतिशत मरीजों का ब्लड प्रेशर निर्धारित स्तर 130/80 से नीचे नहीं था।

वहीं, केवल 11.47 प्रतिशत मरीजों का खराब कोलेस्ट्रॉल यानी LDL स्तर 70 mg/dL से कम पाया गया। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि सिर्फ 2.6 प्रतिशत मरीजों में ही ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल तीनों निर्धारित मानकों के भीतर थे।

स्टडी के मुताबिक, डायबिटीज से जुड़ी जटिलताओं में सबसे अधिक 37 प्रतिशत मरीजों में डायबिटिक न्यूरोपैथी यानी नसों से जुड़ी समस्या पाई गई।

इसके अलावा 14.55 प्रतिशत मरीजों में आंखों की बीमारी (रेटिनोपैथी), 10.69 प्रतिशत में किडनी रोग और 6.2 प्रतिशत मरीजों में कोरोनरी आर्टरी डिजीज सामने आई। बीमारी को नियंत्रित रखने के लिए केवल 16.32 प्रतिशत मरीज इंसुलिन का इस्तेमाल कर रहे थे।

डॉ. जितेंद्र मोक्टा ने कहा कि डायबिटीज का प्रबंधन केवल ब्लड शुगर नियंत्रित रखने तक सीमित नहीं होना चाहिए। दिल और शरीर के अन्य महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान से बचाने के लिए ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल पर भी समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।

उन्होंने रोजाना कम से कम 25 मिनट मध्यम स्तर की शारीरिक गतिविधि करने, संतुलित आहार लेने, पर्याप्त नींद लेने और स्क्रीन टाइम कम करने की सलाह दी। लंबे समय तक बैठकर काम करने वाले लोगों को हर एक से दो घंटे के अंतराल पर थोड़ी देर टहलने की भी सलाह दी गई।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
करीबी जीत के बाद चंडीगढ़ के क्यूइस्ट दुग्गल विश्व टूर्नामेंट में आगे बढ़े पंजाब सरकार का पैनल 18 नवंबर को अकाल तख्त समिति से मुलाकात करेगा भर्ती मैदान में युवाओं का कड़ा इम्तिहान, 901 में से 134 ने पार किया टेस्ट फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा में शामिल होंगे 80 लाख, पंजाब के मुख्यमंत्री ने लिया जायजा कम उम्र में बढ़ रही शुगर की बीमारी, हिमाचल में सिर्फ 14.5% मरीजों को राहत कंगना रनौत पर शिमला में पुलिस कार्रवाई, सोनिया गांधी से जुड़ी टिप्पणी पर FIR बठिंडा की लड़की ने 2 मिनट में 100 शब्द उल्टा बोलकर बनाया रिकॉर्ड High Court seeks Punjab Govt's reply on non-operational Samgauli plant पंचकुला ट्रैफिक पुलिस ने मालिक का पता लगाया, कालका में हिमाचल के युवक को खोया हुआ मोबाइल फोन लौटाया अमृतपाल को 3 घंटे की यात्रा की अनुमति, तारीख बदलने के लिए नई याचिका दायर की