चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Storm Turns Fatal, 9-Year-Old Boy Killed in Mansa as Rain and Hail Warning Issued “) पंजाब में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया है। मंगलवार शाम आई तेज आंधी ने मानसा जिले में एक दर्दनाक हादसे को जन्म दिया, जिसमें 9 वर्षीय मासूम दिलशान इंसां की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, बच्चा अपने दादा के साथ दूध लेने जा रहा था, तभी तेज हवाओं के कारण सड़क किनारे लगा लोहे का भारी गेट दीवार समेत उसके ऊपर गिर गया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों के लिए राहत और चेतावनी दोनों जारी की हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 11 से 14 जून तक राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
पिछले 48 घंटों से पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण लू का असर देखा गया। कई जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि बठिंडा में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अब लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
गर्मी का असर बिजली की मांग पर भी साफ दिखाई दिया। राज्य में बिजली की मांग इस सीजन में पहली बार 15,500 मेगावाट तक पहुंच गई। सरकार ने पहले ही स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी हैं और सरकारी दफ्तरों के समय में भी बदलाव किया गया है।
फिलहाल पूरे पंजाब में मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि तेज आंधी और खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर निकलने से बचें।



















