चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Actress Alleges Domestic Abuse, Court Issues Strict Protection Order”) हरियाणवी डांसर और अभिनेत्री सपना चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया गाना या शो नहीं, बल्कि उनका पारिवारिक विवाद है। दिल्ली की एक अदालत ने सपना चौधरी को घरेलू हिंसा मामले में अंतरिम राहत देते हुए उनके पति वीर साहू पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है। अदालत ने आदेश दिया है कि अगली सुनवाई तक वीर साहू न तो सपना चौधरी से संपर्क करेंगे और न ही उनके घर, कार्यस्थल या फिल्म प्रीमियर जैसी किसी जगह के आसपास जाएंगे।
मामले की सुनवाई कर रही न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने यह आदेश सपना चौधरी की ओर से दायर याचिका पर दिया। सपना ने आरोप लगाया है कि पति के खराब व्यवहार और कथित मारपीट के कारण उन्हें अपना ससुराल छोड़ना पड़ा। फिलहाल वह अपने बच्चों के साथ दिल्ली के नजफगढ़ स्थित मायके में रह रही हैं।
सुनवाई के दौरान सपना चौधरी की ओर से अदालत में चोटों की तस्वीरें और कथित घरेलू हिंसा से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पेश की गईं। अभिनेत्री के वकील ने अदालत को बताया कि 10 जून को उनकी फिल्म “Momacu” का प्रीमियर होने वाला है और आशंका है कि वीर साहू वहां पहुंचकर हंगामा कर सकते हैं या उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं।
इन दलीलों और प्रस्तुत साक्ष्यों को देखते हुए अदालत ने तत्काल सुरक्षा प्रदान की और स्थानीय पुलिस व सुरक्षा अधिकारियों को आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अदालत ने साफ कहा कि अगली सुनवाई तक वीर साहू किसी भी माध्यम से सपना चौधरी से संपर्क नहीं करेंगे।
इस मामले ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब इस हाई-प्रोफाइल केस की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।



















