Home Bollywood पंजाब 95′ पर नया विवाद, Zee5 ने हटाई दिलजीत दोसांझ की फिल्म,...

पंजाब 95′ पर नया विवाद, Zee5 ने हटाई दिलजीत दोसांझ की फिल्म, केंद्र ने जताई राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंता

द टारगेट न्यूज डेस्क।

(“Punjab 95 Controversy: Zee5 Removes Diljit Dosanjh’s Film After Centre’s Security Concerns “) दिलजीत दोसांझ की बहुचर्चित फिल्म ‘पंजाब 95’, जिसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ‘सतलुज’ नाम से रिलीज किया गया था, एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। Zee5 ने फिल्म को भारत में अपनी स्ट्रीमिंग सेवा से हटा दिया है। प्लेटफॉर्म ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि फिल्म अगले आदेश तक भारत में उपलब्ध नहीं रहेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंद्र सरकार ने फिल्म के कुछ हिस्सों को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई हैं। सरकारी सूत्रों का कहना है कि फिल्म के कुछ दृश्य और घटनाएं भारत विरोधी ताकतों द्वारा गलत तरीके से इस्तेमाल की जा सकती हैं। विशेष रूप से आशंका जताई गई है कि पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले ऐसे कंटेंट का उपयोग खालिस्तान समर्थक प्रचार को बढ़ावा देने के लिए किया जा सकता है। हालांकि सरकार का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है और इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है।

फिल्म की कहानी अमृतसर के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है। उन्होंने 1990 के दशक में पंजाब में कथित फर्जी मुठभेड़ों और लापता लोगों के मामलों को उजागर करने का काम किया था। फिल्म का मूल नाम ‘पंजाब 95’ था, लेकिन 2022 में सेंसर बोर्ड द्वारा 127 कट्स की मांग किए जाने के बाद इसकी थिएटर रिलीज टल गई थी।

कई वर्षों तक रिलीज अटकी रहने के बाद फिल्म को ओटीटी पर रिलीज किया गया, लेकिन अब उसे भी हटा दिया गया है। इस पूरे घटनाक्रम ने अभिव्यक्ति की आजादी, सेंसरशिप और राष्ट्रीय सुरक्षा के बीच संतुलन को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या फिल्म भविष्य में दोबारा भारत में रिलीज हो पाएगी या नहीं।

Translate »
error: Content is protected !!