Home Chandigarh नवजोत सिंह सिद्धू ने बांटी करोड़ों की संपत्ति

नवजोत सिंह सिद्धू ने बांटी करोड़ों की संपत्ति

चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित

(Navjot Singh Sidhu distributes property worth crores)  पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी संपत्ति को लेकर बड़ा फैसला लिया है, जो इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है। सिद्धू ने अपने दोनों घर अपने बच्चों के नाम कर दिए हैं। उन्होंने अमृतसर स्थित आलीशान घर अपनी बेटी राबिया को और पटियाला का पैतृक घर अपने बेटे करण को सौंप दिया है। इसकी जानकारी उन्होंने खुद एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की।

सिद्धू ने अपनी पोस्ट में बताया कि देवी पार्वती के आशीर्वाद से उन्होंने अमृतसर में घर बनाकर अपना पुराना वादा पूरा किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने अक्सर उन्हें चुनावों के बाद “प्रवासी पक्षी” कहकर तंज कसा, लेकिन उन्होंने हमेशा वहीं रहने का वादा निभाया। दो बार सांसद बनने के बावजूद यह सपना अधूरा था, जिसे उन्होंने आखिरकार पूरा कर लिया।

अपने सफर के बारे में बताते हुए सिद्धू ने कहा कि उन्होंने राजनीति से एक भी पैसा नहीं कमाया, बल्कि यह सब उन्होंने अपनी मेहनत से अर्जित किया है। ‘बिग बॉस’, हिंदी कमेंट्री और ‘द कपिल शर्मा शो’ जैसे प्लेटफॉर्म्स से उन्होंने अपनी पहचान और कमाई बनाई।
अमृतसर वाला उनका घर करीब 1.1 एकड़ जमीन (49,500 वर्ग फुट) में फैला हुआ है और इसकी कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये बताई जाती है। इस आलीशान घर में स्विमिंग पूल, जिम, स्पा और एक भव्य मंदिर भी मौजूद है। खास बात यह है कि यहां 100 से 600 साल पुराने पेड़ लगाए गए हैं, जिन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों से लाया गया है।

इसके अलावा, घर में स्थापित शिवलिंग भी काफी चर्चा में रहा, जिसे सिंगापुर से मंगवाया गया था और इसकी कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई जाती है। फिलहाल सिद्धू का यह फैसला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Translate »
error: Content is protected !!