चंडीगढ़ | राजवीर दीक्षित
(Make UPI Payments Without Internet) आज के डिजिटल दौर में UPI पेमेंट ने हमारी जिंदगी को काफी आसान बना दिया है। लेकिन कई बार इंटरनेट ना होने या नेटवर्क कमजोर होने की वजह से पेमेंट करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि अब आप बिना इंटरनेट के भी UPI के जरिए आसानी से पेमेंट कर सकते हैं।
साल 2022 में NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) ने ऑफलाइन UPI पेमेंट की सुविधा शुरू की थी, जिसे *99# सेवा के नाम से जाना जाता है। यह फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद है जो कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में रहते हैं या जिनके पास स्मार्टफोन नहीं है।
कैसे करें बिना इंटरनेट पेमेंट?
सबसे पहले अपने मोबाइल से *99# डायल करें। इसके बाद आपके सामने एक मेन्यू खुलेगा, जहां “Send Money” का ऑप्शन चुनें। फिर आप मोबाइल नंबर के जरिए पैसे भेजने का विकल्प चुन सकते हैं। जिस व्यक्ति को पैसे भेजने हैं, उसका मोबाइल नंबर दर्ज करें। नंबर डालने के बाद सामने वाले का नाम दिखेगा, जिसे ध्यान से जांच लें। अब अमाउंट दर्ज करें और अंत में अपना UPI पिन डालें। कुछ ही सेकंड में आपका पेमेंट सफल हो जाएगा।
इन बातों का रखें ध्यान:
इस सुविधा का उपयोग करने के लिए आपका मोबाइल नंबर बैंक खाते से लिंक होना जरूरी है। साथ ही कुछ मामलों में आधार लिंक होना भी जरूरी हो सकता है। अगर नंबर लिंक नहीं है, तो ट्रांजैक्शन फेल हो सकता है।
यह फीचर उन लोगों के लिए बहुत मददगार है, जो कैश रखने से बचना चाहते हैं या इंटरनेट की समस्या से जूझते हैं। अब बिना नेटवर्क की चिंता किए, कहीं भी और कभी भी आसानी से पेमेंट करें।



















