भटिंडा । राजवीर दीक्षित
(Son of a Congress leader, an advocate, shot himself dead; in a video, he made serious allegations against a builder family) पंजाब के बठिंडा जिले के मौड़ मंडी से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। कांग्रेस से जुड़े वरिष्ठ नेता सुखराज नत्त के बेटे और पेशे से एडवोकेट दविंदर नत्त ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने एक वीडियो बनाकर अपने साथ हुए कथित धोखे का जिक्र किया और कुछ नामी बिल्डरों पर गंभीर आरोप लगाए।
बताया जा रहा है कि दविंदर नत्त ने आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में मोहाली के एक बिल्डर परिवार पर करोड़ों रुपये हड़पने और विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके पिता सुखराज नत्त ने अपनी जमीन बेचकर बड़ी रकम उक्त लोगों को दी थी, लेकिन वह पैसा कभी वापस नहीं किया गया।
वीडियो में दविंदर नत्त ने कहा, “मेरे साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। मैंने जिंदगी में कभी वीडियो नहीं बनाया, यह मेरी पहली वीडियो है। सुषमा ग्रुप के मालिक बिंदरपाल मित्तल, उनके बेटे प्रतीक मित्तल और भारत मित्तल ने मेरे साथ धोखा किया है।”
उन्होंने आगे कहा कि वह इस मामले को लेकर पंजाब सरकार के मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां तक भी पहुंचे थे, लेकिन उन्हें कहीं से न्याय नहीं मिला। “मैं कोई आम इंसान का बेटा नहीं हूं। मेरे पिता ने तीन चुनाव लड़े हैं। हमने अपनी जमीन बेचकर पैसे दिए थे। मेरे पिता की मौत के बाद जो पैसे मिले, वो भी मैंने उन्हें दे दिए, लेकिन मुझे हर तरफ से धोखा मिला,” उन्होंने वीडियो में कहा।
अपने अंतिम संदेश में दविंदर नत्त ने कहा कि अब उनके पास कोई रास्ता नहीं बचा है और वह अपनी जीवन लीला समाप्त कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी 30 बोर की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा वीडियो को भी अपने कब्जे में लेकर तथ्यों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला दर्ज किया गया है, लेकिन वीडियो में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि दविंदर नत्त के पिता सुखराज नत्त भी अब इस दुनिया में नहीं हैं। ऐसे में यह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि पंजाब में बढ़ते आर्थिक विवादों और कथित धोखाधड़ी के मामलों पर भी कई सवाल खड़े करती है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी।



















