तिरुमला। टारगेट न्यूज नेटवर्क
(A shower of gold in Tirupati! Chennai couple donates 121 kg of gold ornaments) आस्था और दान की एक बड़ी मिसाल तिरुपति मंदिर में देखने को मिली। चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने गुरुवार को भगवान श्री वेंकटेश्वर के चरणों में 121 किलो सोने के आभूषण अर्पित किए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई गई है।
यह भव्य दान मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में किया गया। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के अनुसार, किसी एक भक्त की ओर से भगवान वेंकटेश्वर को दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा है।
45 आभूषण, 9 सेट में सजाया गया दान
दान में कुल 45 आभूषण शामिल हैं, जिन्हें 9 सेट में रखा गया है। इनमें श्रीवारु का मुकुट और पद्म पादालु यानी भगवान के चरणों के आभूषण भी शामिल हैं।
कंपनी की हिस्सेदारी बेचकर किया महादान
चेन्नई की कंपनी ‘वारा फ्यूचर एलएलपी’ के चेयरमैन वर्धमान जैन ने कंपनी में अपनी 60 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचकर करीब 6,000 करोड़ रुपये हासिल किए थे। खबर के मुताबिक, इसी रकम में से उन्होंने भगवान श्री वेंकटेश्वर के लिए 121 किलो सोने के आभूषण तैयार करवाकर दान किए।
पहले भी दान से चर्चा में रहे जैन
वर्धमान जैन इससे पहले भी धार्मिक और सामाजिक कार्यों में योगदान को लेकर चर्चा में रहे हैं।
- 2024: चेन्नई में एक मंदिर के विस्तार के लिए 1 करोड़ रुपये दिए।
- नवंबर 2024: TTD के अन्न प्रसादम ट्रस्ट और प्रणदानम ट्रस्ट को 1.01-1.01 करोड़ रुपये दान किए।
- 2025: SV भक्ति चैनल को 5 करोड़ रुपये और गौ-संरक्षण के लिए 1 करोड़ रुपये दिए।
- मई 2026: तिरुपति के लिए एक इलेक्ट्रिक बस दान करने की घोषणा की।
तिरुपति में 121 किलो सोने का यह चढ़ावा अब मंदिर के इतिहास में एक बड़ी दान-गाथा के रूप में दर्ज हो गया है।













