द टारगेट न्यूज़ वेब डेस्क
(“Amarnath Yatra 2026: Registration Starts from April 15”) अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। Shri Amarnath Shrine Board ने घोषणा की है कि यात्रा के लिए एडवांस रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल 2026 से देशभर की 554 अधिकृत बैंक शाखाओं में शुरू होगा। हर साल लाखों श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा का हिस्सा बनते हैं, और इस बार प्रक्रिया को पहले से ज्यादा डिजिटल और आसान बनाया गया है।
इस बार रजिस्ट्रेशन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर होगा। खास बात यह है कि प्रक्रिया को आधार आधारित बायोमेट्रिक eKYC से जोड़ा गया है, जिससे रजिस्ट्रेशन रियल टाइम में होगा। श्रद्धालुओं के परमिट ऑनलाइन जनरेट किए जाएंगे। यदि बायोमेट्रिक में कोई तकनीकी दिक्कत आती है, तो वेबकैम के जरिए फोटो लेकर मैन्युअल एंट्री का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। प्रत्येक परमिट के लिए 150 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नियम भी तय किए गए हैं। यात्रा के लिए आयु सीमा 13 से 70 वर्ष रखी गई है। 6 सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं को यात्रा की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा, 8 अप्रैल 2026 या उसके बाद जारी किया गया अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र (CHC) जमा करना जरूरी होगा, जो किसी अधिकृत डॉक्टर या संस्था द्वारा जारी होना चाहिए।
श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए दो मार्गों—बालटाल या पहलगाम—में से एक का चयन करना होगा। परमिट में यात्रा की तारीख और प्रवेश बिंदु की जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज होगी। किसी भी तारीख के लिए रजिस्ट्रेशन उस दिन से 7 दिन पहले बंद कर दिया जाएगा।
Amarnath Cave की यह पवित्र यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि जीवन का एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव भी है। इसलिए श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे सही जानकारी के साथ समय पर रजिस्ट्रेशन कराएं और यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाएं।



















