Home Chandigarh भीषण गर्मी के बीच पंजाब के स्कूलों को लेकर बड़ी खबर, इस...

भीषण गर्मी के बीच पंजाब के स्कूलों को लेकर बड़ी खबर, इस फैसले ने बढ़ाई चिंता

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Big News Regarding Punjab Schools Amid Extreme Heat, This Decision Has Increased Concern”) पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच स्कूली बच्चों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। राज्यभर के कई स्कूलों से बच्चों के बेहोश होने, उल्टियां आने और तबीयत बिगड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे हालात में अभिभावकों और शिक्षकों को उम्मीद थी कि पंजाब सरकार 25 मई से गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान कर सकती है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान के एक फैसले ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

सरकार ने स्कूल बंद करने की बजाय 25 मई से सरकारी स्कूलों, दफ्तरों और क्लासों का समय बदलने का आदेश जारी किया है। नए आदेश के अनुसार अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेंगे। पहले स्कूलों का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक था। यानी सिर्फ आधे घंटे का बदलाव किया गया है, जिसे लेकर लोग सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।

अभिभावकों का कहना है कि इतनी भयंकर गर्मी में केवल आधे घंटे का बदलाव बच्चों को कोई राहत नहीं देगा। कई लोगों ने इसे सरकार की असंवेदनशीलता बताया है। सोशल मीडिया पर भी मुख्यमंत्री की पोस्ट पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं और पूछा है कि आखिर सरकार बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर क्यों नहीं है।

मापे और शिक्षकों का यह भी कहना है कि नगर निगम और नगर काउंसिल चुनावों के चलते बड़ी संख्या में शिक्षक चुनाव ड्यूटी में लगे हुए हैं। ऐसे में स्कूलों में पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। लोगों का सवाल है कि जब स्कूलों में पर्याप्त स्टाफ ही मौजूद नहीं है तो बच्चों को इतनी गर्मी में बुलाने का क्या औचित्य है।

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सरकार से तुरंत गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने की बजाय बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

Translate »
error: Content is protected !!