Home Chandigarh अमरनाथ यात्रा 2026 से पहले बाबा बर्फानी के प्रथम दर्शन, 3.6 लाख...

अमरनाथ यात्रा 2026 से पहले बाबा बर्फानी के प्रथम दर्शन, 3.6 लाख श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“First Glimpse of Baba Barfani Ahead of Amarnath Yatra 2026, 3.6 Lakh Devotees Registered”) अमरनाथ यात्रा 2026 शुरू होने से पहले बाबा बर्फानी की पहली तस्वीरें सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। पवित्र अमरनाथ गुफा में लगभग 6 से 7 फीट ऊंचा प्राकृतिक हिम शिवलिंग आकार ले चुका है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। सुरक्षा में तैनात जवानों ने सबसे पहले बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इस बार अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी।

यात्रा को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। रिपोर्ट के अनुसार यात्रा मार्ग पर अभी भी कई स्थानों पर 10 से 12 फीट तक बर्फ जमी हुई है। सीमा सड़क संगठन (BRO) बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों को जल्द तैयार करने में जुटा हुआ है। अधिकारियों का दावा है कि 15 जून तक दोनों ट्रैक श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह तैयार कर दिए जाएंगे।

इस बार यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर खास ध्यान दिया गया है। बेस कैंपों में पारंपरिक टेंट की जगह प्री-फैब्रिकेटेड और फाइबर स्ट्रक्चर बनाए जा रहे हैं, जिनमें अटैच वॉशरूम, गर्म पानी और बेहतर रहने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। संवेदनशील और बाढ़ संभावित इलाकों को ‘नो-एंट्री जोन’ घोषित किया गया है ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अब तक अमरनाथ यात्रा के लिए 3.6 लाख से ज्यादा श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह आंकड़ा जल्द 5 लाख के पार पहुंच सकता है। श्रद्धालुओं में बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर जबरदस्त आस्था और उत्साह दिखाई दे रहा है।

Translate »
error: Content is protected !!