Home Chandigarh गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला पंजाब का यह इलाका! सूबेदार के घर...

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला पंजाब का यह इलाका! सूबेदार के घर पर चली गोलियां

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“This area of Punjab trembled with the sound of gunshots! Bullets fired at Subedar’s house”) पंजाब के होशियारपुर जिले के माहिलपुर के गांव मनोलिया से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने रिटायर्ड सूबेदार साधू सिंह के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार देर शाम मोटरसाइकिल पर सवार कुछ अज्ञात युवक सूबेदार साधू सिंह के घर के बाहर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस इस घटना को पुरानी रंजिश या डर फैलाने की कोशिश के एंगल से भी देख रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटना पहली बार हुई है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

फिलहाल इस गोलीकांड के बाद पूरे माहिलपुर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

Translate »
error: Content is protected !!