नंगल । राजवीर दीक्षित
(Big controversy over Punjab municipal elections!)पंजाब के आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र में नगर परिषद चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। बीजेपी पंजाब के उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा ने राज्य चुनाव आयुक्त को शिकायत भेजकर बड़े स्तर पर फर्जी वोट जोड़ने, असली वोटरों के नाम काटने और मतगणना में गड़बड़ी की आशंका जताई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री हरजोत सिंह बैंस के प्रभाव में चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई। बीजेपी का दावा है कि चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कई शिक्षक शिक्षा विभाग के अधीन होने के कारण दबाव में काम कर रहे थे, जिससे निष्पक्ष चुनाव पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सबसे गंभीर आरोप वोटर लिस्ट को लेकर लगाए गए हैं। शिकायत के मुताबिक, मतदान से ठीक पहले बड़ी संख्या में फर्जी वोटर जोड़े गए, जबकि कई असली मतदाताओं के नाम सूची से गायब कर दिए गए। दावा किया गया कि वैध वोटर कार्ड होने के बावजूद कई लोगों को मतदान केंद्रों पर वोट डालने से रोक दिया गया।
बीजेपी ने यह भी आरोप लगाया कि कई बाहरी लोगों ने कथित तौर पर फर्जी तरीके से मतदान किया, जिससे चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता प्रभावित हुई।
अब 29 मई को होने वाली वोटों की गिनती को लेकर भी विपक्ष ने चिंता जताई है। शिकायत में मांग की गई है कि मतगणना केंद्रों पर शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी न लगाई जाए और पूरी प्रक्रिया की CCTV एवं वीडियोग्राफी करवाई जाए।
बीजेपी ने चुनाव आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस शिकायत के बाद पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है और चुनावी माहौल और गर्मा गया है।



















