चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Parking System Overhaul”) चंडीगढ़ में अब पार्किंग करना पहले जितना आसान और सस्ता नहीं रहेगा। नगर निगम शहर की पेड पार्किंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रहा है, जिसके तहत पार्किंग शुल्क समय के हिसाब से बढ़ेगा। यानी जितनी देर वाहन पार्क रहेगा, उतनी अधिक फीस चुकानी होगी। इसके साथ ही ई-टिकटिंग और स्मार्ट पार्किंग सिस्टम भी लागू किए जाएंगे, जिससे पूरे सिस्टम को डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा सके।
नई योजना के अनुसार शहर की पार्किंग साइट्स को चार ऑपरेशनल जोन में बांटा जाएगा। फिलहाल एक घंटे और कई घंटों तक वाहन खड़ा करने पर लगभग समान शुल्क लिया जाता है, लेकिन नई व्यवस्था में हर घंटे या दो घंटे के बाद शुल्क बढ़ता जाएगा। उदाहरण के तौर पर यदि पहले घंटे की फीस 40 रुपये होगी, तो अगले घंटे में यह 60 रुपये तक पहुंच सकती है। वहीं लंबे समय तक वाहन खड़ा रखने वालों को 100 से 200 रुपये तक का शुल्क देना पड़ सकता है।
नगर निगम पार्किंग में प्रवेश करते ही ई-टिकट जारी करेगा, जिसमें वाहन के आने का समय दर्ज होगा। बाहर निकलते समय उसी रिकॉर्ड के आधार पर शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा सीसीटीवी आधारित सेंट्रल मॉनिटरिंग, बूम बैरियर, रियल टाइम पार्किंग मैनेजमेंट और मोबाइल ऐप जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।
शुरुआत में सेक्टर-17, सेक्टर-22 और सेक्टर-35 की प्रमुख पार्किंग साइट्स पर इस सिस्टम को लागू करने की तैयारी है। खासतौर पर सेक्टर-17 की अंडरग्राउंड मल्टीलेवल पार्किंग के बेहतर उपयोग पर जोर दिया जा रहा है।
नगर निगम के अनुसार शहर में करीब 90 पार्किंग साइट्स चिन्हित हैं, जिनमें से लगभग 60 पेड पार्किंग साइट्स संचालित हो रही हैं।
अधिकारियों का मानना है कि नई व्यवस्था से अवैध वसूली पर रोक लगेगी, पार्किंग प्रबंधन बेहतर होगा और नगर निगम के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।



















