चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Weather Alert: Pre-Monsoon Arrives with Storms, Hailstorm and Tragedy”) पंजाब में प्री-मानसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है और इसके साथ ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई जगह नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं। मौसम विभाग ने वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव को देखते हुए पंजाब के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मोहाली में तेज आंधी के बाद हल्की बारिश हुई, जबकि लुधियाना में ओले गिरने से मौसम पूरी तरह बदल गया। वहीं खन्ना में आकाशीय बिजली गिरने के बाद करीब 150 साल पुराना पेड़ टूटकर कई मकानों पर जा गिरा, जिससे घरों की छतों और दीवारों को नुकसान पहुंचा। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
इस बीच मानसा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तेज आंधी के दौरान लोहे का गेट गिरने से 9 वर्षीय बच्चे दिलशान इंसां की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने दादा के साथ दूध लेने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक पंजाब के कई हिस्सों में तेज हवाएं, बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। 12 जून को 22 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जहां हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
उधर, लगातार बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने हीट स्ट्रोक को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। मौसम के इस बदले हुए मिजाज पर पूरे पंजाब की नजर बनी हुई है।



















