चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Shots Fired at Guru Randhawa’s Delhi Gym, Lawrence Gang Claims Responsibility “) दिल्ली से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के नाम से जुड़े फिटनेस सेंटर पर गुरुवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। यह घटना पश्चिम विहार इलाके में स्थित 24×7 फिटनेस जिम के बाहर हुई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने कई राउंड गोलियां चलाकर इलाके में दहशत फैला दी। राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में दावा किया गया कि गुरु रंधावा को पहले भी सलमान खान से दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उन्होंने इस बात को नजरअंदाज किया। वायरल संदेश में धमकी भरे अंदाज में कहा गया कि “जो भी हमारे दुश्मनों के करीब जाएगा, उसे अंजाम भुगतना पड़ेगा।”
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब सवा पांच बजे जिम के केयरटेकर ने टूटे हुए शीशे और गोलियों के निशान देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार जिस फिटनेस सेंटर को निशाना बनाया गया, उसके ब्रांड एंबेसडर गुरु रंधावा हैं। इसी वजह से मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस रंगदारी, गैंगवार और आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर गैंगस्टर नेटवर्क और सेलिब्रिटी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर हमलावर कौन थे और इस फायरिंग के पीछे असली मकसद क्या था।



















