कुल्लू। राजवीर दीक्षित
(“Police Raid at Kasol Rave Party: Kerala and Punjab Youth Arrested with Cocaine, LSD and Ecstasy”) हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल में आयोजित एक कथित रेव पार्टी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केरल और पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस रेड के दौरान भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा कसोल क्षेत्र में हो रही कथित रेव पार्टियों और नशे के बढ़ते कारोबार पर सख्त रुख अपनाने के बाद की गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को कसोल के जंगल क्षेत्र में चल रही एक पार्टी में नशे के सेवन और तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद देर रात छापेमारी की गई। जांच के दौरान केरल निवासी राहुल साई और पंजाब के मोहाली निवासी चिराग भाटिया को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से कोकीन, एक्स्टेसी गोलियां, एलएसडी पेपर स्ट्रिप और चरस बरामद हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आयोजन के लिए सामान्य अनुमति ली गई थी, लेकिन उसकी आड़ में कथित रूप से नशे से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाए गए और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
मणिकर्ण पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए गए हैं। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और पूरे ड्रग नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने साफ कहा है कि पर्यटन स्थलों पर नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई को हिमाचल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।



















