हमीरपुर। राजवीर दीक्षित
(“Aditya Sharma Death in Houthi Attack”) हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। होर्मुज क्षेत्र में हुए हूती विद्रोहियों के हमले में भारतीय नाविक आदित्य शर्मा की मौत हो गई। 23 वर्षीय आदित्य तेल टैंकर MT Stena Immaculate पर डेक कैडेट के रूप में तैनात थे। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, जहाज पर कुल 24 भारतीय क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि हमले के बाद तीन सदस्य लापता बताए गए थे, जिनमें आदित्य शर्मा भी शामिल थे। बाद में उनके निधन की पुष्टि होने से परिवार और गांव में मातम छा गया।
आदित्य हमीरपुर जिले की पंचायत हंडेटा के गांव भालू के रहने वाले थे और अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उन्होंने जालंधर से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और बाद में स्कॉटलैंड से नॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने मर्चेंट नेवी का कोर्स कर समुद्री करियर की शुरुआत की थी। नवंबर 2025 में उन्हें नौकरी मिली थी और वह प्रशिक्षण अवधि में थे।
आदित्य के पिता राजेश कुमार ने सरकार से बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि परिवार लगातार विदेश मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासन भी परिवार की मदद में जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आदित्य शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
आदित्य शर्मा का असमय निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हिमाचल और देश के लिए एक बड़ी क्षति है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।



















