Home BBMB BBMB डैम से छोड़ेगी 4000 क्यूसिक पानी,निचले इलाकों में बढेगा जलस्तर,बोर्ड ने...

BBMB डैम से छोड़ेगी 4000 क्यूसिक पानी,निचले इलाकों में बढेगा जलस्तर,बोर्ड ने जारी किया अलर्ट !

मंडी (हिमाचल प्रदेश) । राजवीर दीक्षित

(“Pandoh Dam Alert “) हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और ऊपरी कैचमेंट क्षेत्रों में बर्फ पिघलने के कारण व्यास नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसी बीच भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) ने पंडोह डैम से करीब 4000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

BBMB के अनुसार पानी छोड़े जाने के बाद व्यास नदी के निचले इलाकों में जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नदी किनारों पर रहने वाले लोगों, मछुआरों और नदी क्षेत्र में काम कर रहे श्रमिकों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ठेकेदारों और मजदूरों से अपनी मशीनरी तथा अन्य उपकरणों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने को कहा गया है।

प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को नदी किनारों, नदी तल और जलधाराओं के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी है। खासतौर पर सेल्फी लेने, वीडियो बनाने या फोटोग्राफी के लिए नदी के करीब जाने वालों को चेतावनी दी गई है, क्योंकि जलस्तर अचानक बढ़ने से हादसे की आशंका बनी रहती है।

अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर पानी छोड़ने की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन और BBMB द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

व्यास नदी के किनारे रहने वाले लोगों के लिए यह अलर्ट बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पानी छोड़े जाने के बाद नदी का रौद्र रूप कुछ ही मिनटों में देखने को मिल सकता है।

Translate »
error: Content is protected !!