ऊना। राजवीर दीक्षित
(“Drug Smugglers Arrested with 63 Grams of Chitta”) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संतोषगढ़ के तहत तहलीवाल रोड पर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 63.32 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये की कीमत बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर SIU टीम ने एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान बाइक से छिपाकर रखा गया 63.32 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद बाइक चालक सतीश कुमार और पीछे बैठे मनजीत कुमार को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। दोनों आरोपी पंजाब के होशियारपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसे किस जगह सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
ऊना पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे के जाल से बचाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है। यह कार्रवाई नशा कारोबारियों के लिए एक बड़ी चेतावनी मानी जा रही है।



















