Home accident हाईवे पर हैवानियत! ओवरटेक कर रोकी कार, फिर पर्यटकों को बेरहमी से...

हाईवे पर हैवानियत! ओवरटेक कर रोकी कार, फिर पर्यटकों को बेरहमी से पीटा

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Road Rage in Ropar “) हिमाचल प्रदेश के मनाली घूमने जा रहे पर्यटकों के साथ पंजाब के रोपड़ (रूपनगर) में हुई रोड रेज की एक सनसनीखेज घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। नेशनल हाईवे पर मामूली टक्कर के बाद कुछ युवकों ने न सिर्फ पर्यटकों की कार को जबरन रुकवाया, बल्कि उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस पूरी वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, पंजाब के तरनतारन से मनाली जा रहे पर्यटकों की कार रोपड़ पुलिस लाइन कट (भरेोल) के पास धीमी हुई, तभी पीछे से आ रही एक अन्य कार उससे हल्के रूप से टकरा गई। मामूली दुर्घटना के बाद दूसरी कार में सवार युवक इस कदर भड़क गए कि उन्होंने पर्यटकों की गाड़ी को ओवरटेक कर बीच सड़क पर रोक लिया।

आरोप है कि हमलावरों ने पत्थरों और डंडों से कार पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए। इतना ही नहीं, कार में बैठे लोगों को बाहर खींचकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई। हाईवे पर हुई इस गुंडागर्दी से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि, हमलावरों की यह हरकत उनकी गिरफ्तारी का कारण भी बन गई। पर्यटकों की कार में लगे डैशकैम में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही रोपड़ पुलिस हरकत में आई और फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ निवासी दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है। थाना सिटी रोपड़ के एसएचओ पवन कुमार ने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सड़क पर गुस्से का एक पल किसी बड़ी आपराधिक वारदात में बदल सकता है। ऐसे मामलों में संयम और कानूनी प्रक्रिया का पालन ही सबसे बड़ा समाधान है।

Translate »
error: Content is protected !!