Home Chandigarh गोल्डन टेंपल में पहचान पत्र विवाद, CM मान की फोटो हटवाई गई!

गोल्डन टेंपल में पहचान पत्र विवाद, CM मान की फोटो हटवाई गई!

द टारगेट न्यूज डेस्क।

(“Golden Temple Controversy “) पंजाब की राजनीति और धार्मिक माहौल के बीच एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत पहुंचे श्रद्धालुओं के गले में लटके पहचान पत्र (आई-कार्ड) पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की तस्वीर देखकर कुछ सेवादारों ने उन्हें उतरवा दिया।

मौके पर मौजूद सेवादारों का कहना था कि श्री अकाल तख्त साहिब पहले ही मुख्यमंत्री भगवंत मान को ‘पंथ विरोधी’ और ‘गुरु विरोधी’ करार दे चुका है। ऐसे में उनकी तस्वीर वाले पहचान पत्र पहनकर गुरु घर में प्रवेश उचित नहीं माना जा सकता। इस दौरान कुछ श्रद्धालुओं और सेवादारों के बीच बहस भी हुई, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

वहीं, तीर्थ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का कहना है कि ये पहचान पत्र उन्हें सरकारी व्यवस्था के तहत दिए गए थे। उनका उद्देश्य केवल श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकना और दर्शन करना था, किसी तरह का विवाद खड़ा करना नहीं।

गौरतलब है कि 15 जून को श्री अकाल तख्त साहिब ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को कथित वायरल वीडियो के मामले में पंथ विरोधी घोषित किया था। इस फैसले के बाद यह पहला बड़ा मामला है, जिसने धार्मिक और राजनीतिक बहस को फिर से तेज कर दिया है।

अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या धार्मिक स्थलों पर सरकारी योजनाओं से जुड़े पहचान पत्रों का इस्तेमाल विवाद का कारण बनना चाहिए? क्या सरकार और धार्मिक संस्थाओं के बीच बढ़ता टकराव आम श्रद्धालुओं को प्रभावित करेगा?

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस मुद्दे पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। आने वाले दिनों में यह मामला पंजाब की राजनीति और धार्मिक हलकों में और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।

Translate »
error: Content is protected !!